फलों की राजधानी के नाम से जाना जाता है इन शहरों को

अनुषा मिश्रा 07-07-2022 01:53 PM My India
दुकानों पर बिकते ताजे फल देखकर ही उन्हें लेने का मन कर जाता है। अब जरा सोचिए कि आप सीधे अपने पसंदीदा फलों के बगीचे में पहुंच जाएं तो यकीनन उस बाग की तरह आपका मन भी बाग-बाग हो जाएगा। तो चलिए हमारे साथ, हम आपको सैर कराते हैं देशभर के उन मशहूर शहरों की जिनकी पहचान वहां होने वाले फलों से ही होती है। 

फलों से तो शायद हर किसी को प्यार होता है। हो भी क्यों न? आखिर हमारे शरीर की आधे से ज़्यादा ज़रूरतें फल पूरी कर देते हैं। हेल्दी शुगर का भी बेस्ट ऑप्शन फल ही होते हैं। फाइबर और मिनरल्स से भरे फलों के बारे में साइंटिस्ट्स भी कहते हैं कि जो लोग स्नैक्स की जगह फ्रूट्स खाकर पेट भरते हैं, उनका मेटाबोलिज्म बाकी लोगों की तुलना में बेहतर होता है। ये तो बातें हुईं फलों के फायदे की। अब हम आपको बताते हैं कि हमारे देश के वो कौन से वे शहर हैं जो फलों के नाम से मशहूर हैं…


नागपुर के संतरे

महाराष्ट्र का नागपुर शहर, संतरों के शहर के नाम से भी जाना जाता है। यह भारत का सबसे बड़ा संतरे का उत्पादक शहर है और विश्व में संतरे के कुल उत्पादन का लगभग 3 फीसदी हिस्सा नागपुर में ही पैदा होता है। 2014 में जियोग्राफिकल इंडिकेशन विभाग से इसे जीआई टैगिंग भी मिल चुकी है। नागपुर में जगह-जगह आपको कई हेक्टेयर क्षेत्र में फैले संतरे के बाग दिख जाएंगे। अगर आपको संतरे पसंद हैं तो नागपुर का रुख करिए।


नागपुर में घूमने लायक जगहें

संतरों के साथ-साथ ये शहर अपने खूबसूरत मंदिरों, झीलों, हरे भरे बगीचों के लिए जाना जाता है। अगर आप यहां आए हैं तो डॉ. अम्बेडकर की याद में और उनके बौद्ध धर्म अपनाने की घटना पर बनवाया गया दीक्षाभूमि स्तूप, समृद्ध पौराणिक इतिहास समेटे रामटेक किला, ड्रैगन पैलेस बौद्ध मंदिर (जिसे नागपुर के लोटस टेम्पल के रूप में भी जाना जाता है), लता मंगेशकर म्यूजिकल गार्डन, अक्षरधाम मंदिर, रमन विज्ञान केंद्र आदि भी घूम सकते हैं। 


हिमाचल प्रदेश के सेब

यूं तो कश्मीर के भी सेब मशहूर हैं, लेकिन रस से भरे हिमाचली सेबों का कोई जोड़ नहीं। कहते हैं कि एक सेब जो रोज है खाता डॉक्टर को वह दूर भगाता, और अगर यह सेब हिमाचल का हो तब तो डॉक्टर भी दूर भागेगा और स्वाद भी जबरदस्त मिलेगा। हिमाचल में किन्नौर, शिमला, रोहड़ू, कोटगढ़ के साथ कई शहरों की ढलानों पर सेब के बागान हैं। सेब से लदे पेड़ों के पास फ़ोटो खिंचाइये या इन्हें डाल से खुद तोड़कर खाइए, मज़ा न आए तो पैसे वापस। अगर आप यहां जाना चाहते हैं, तो जून और सितंबर के बीच जा का समय बेस्ट है।


हिमाचल प्रदेश में घूमने लायक जगहें

यूं तो हिमाचली सेब के बाग इतने सुंदर होते हैं कि यहां आकर आपका कहीं और जाने का मन ही नहीं करेगा। भई, पूरा हिमाचल ही घूमने लायक है। कुल्लू, मनाली, शोघी, शिमला, स्पीति, कसौल, कसौली कहीं भी चले जाइये। 


इलाहाबाद के अमरूद

अमरूद एक ऐसा फल है जो ज़्यादातर लोगों को पसंद ही होता है। पूरे साल ये फल आपको बिकता दिख जाएगा। हालांकि इसका असली मज़ा सर्दियों में ही आता है। यूपी का इलाहाबाद (अब प्रयागराज) शहर अपने सुर्खा अमरूदों के लिए विख्यात है। फल वाला अगर कह दे कि ये इलाहाबादी अमरूद हैं तो लोग फटाक से कहते हैं तौल दो भइया। यहां का सुर्खा अमरूद अंदर से लाल होता है और गजब का स्वादिष्ट भी। कौशाम्बी और प्रयागराज मिलाकर लगभग 3000 हेक्टेयर में यहां अमरूद की खेती होती है।

इलाहाबाद में घूमने लायक जगहें

प्रयागराज के संगम के दर्शन करने तो लोग पूरे देश से आते हैं। आप यहां आएं तो संगम के साथ आनंद भवन म्यूजियम, अकबर फोर्ट, खुसरोबाग, इलाहाबाद म्यूजियम, चन्द्र शेखर आज़ाद पार्क, आल सेंट्स कैथरेड्रल चर्च, स्वराज भवन आदि घूम सकते हैं।

त्रिपुरा के अनानास

अनानास की राजधानी के रूप में त्रिपुरा को हाल ही में पहचान मिली। साल 2018 में राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने अनानास को त्रिपुरा का राजकीय फल घोषित कर दिया और ये अनानास की राजधानी बन गया। यहां होने वाली क्वीन पाइनएप्पल अनानास की सबसे खास प्रजाति मानी जाती है। पिछले साल यहां लगभग 8,800 हेक्टेयर से अधिक भूमि के पर अनानास की खेती हुई है।

त्रिपुरा में घूमने लायक जगहें

त्रिपुरा आए हैं तो उज्जयंत पैलेस, नीरमहल, त्रिपुरा सुंदरी मंदिर, सिपाहीजला वन्यजीव अभयारण्य, बाइसन (राजबारी) राष्ट्रीय उद्यान, हेरिटेज पार्क, उनाकोटी, कैलाशहर, बुद्ध मंदिर, जगन्नाथ मंदिर, त्रिपुरा राज्य संग्रहालय, जम्पुई हिल जैसी जगहें भी ज़रूर देखने जाएं।

grasshopper yatra Image

मध्य प्रदेश के बेर

बेर या जुजुबी मानसून के दौरान भारत के कई हिस्सों में मिलने वाला एक बेहतरीन फल है। एक मौसमी फल, जो पोषक तत्वों और खनिजों से भरपूर होता है, इसकी खेती मध्य प्रदेश में प्रमुख रूप से की जाती है। पंजाब और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में भी इसे उगाया जाता है लेकिन सबसे ज्यादा हिस्सा मध्य प्रदेश से आता है जो इसे भारत की बेर राजधानी बनाता है। पहले तो यहां छोटे बेर ही होते थे लेकिन अब कई किसान अच्छी आमदनी के लिए एप्पल बेर भी उगा रहे हैं।

मध्य प्रदेश में घूमने लायक जगहें

उज्जैन, ग्वालियर, कान्हा नेशनल पार्क, बांधवगढ़ नेशनल पार्क, खजुराहो, मांडू, सांची, पचमढ़ी, भीमबेटका, भेड़ाघाट, भोपाल, पन्ना राष्ट्रीय उद्यान, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व जैसी अनगिनत जगहें हैं मध्य प्रदेश में घूमने के लिए।

मुजफ्फरपुर की लीची

लीची का मौसम बहुत कम वक्त के लिए ही आता है, लेकिन बाजार में इसके आने का इंतज़ार लोगों को बेसब्री से रहता है। बिहार का मुजफ्फरपुर शहर पूरे देश में अपनी लीची के लिए मशहूर है, उसमें भी अगर यहां की शाही लीची मिल जाए तो क्या कहना! शाही लीची की देश में ही नहीं विदेशों में भी काफी डिमांड है। इसकी खासियत है मिठास के साथ-साथ अन्य लीची के मुकाबले काफी ज्यादा गूदेदार होना। यहां के किसान कहते हैं कि मुजफ्फरपुर की मिट्टी भी शायद इस लीची के अनुकूल है, इस वजह से भी यहां जैसी लीची का स्वाद कहीं और नहीं मिलता।

मुजफ्फरपुर में घूमने लायक जगहें

यहां लीची के बागों के अलावा बाबा गरीब नाथ मंदिर, जुब्बा साहनी पार्क, रामचंद्र साही संग्रहालय, खुदीराम बोस मेमोरियल जैसी जगहें भी देखने लायक हैं। 

आपके पसंद की अन्य पोस्ट

आपको भा जाएगा नवाबी लखनऊ का शाही ज़ायका

अगर आप लखनऊ घूमने आ रहे हैं तो यहां की ये फेमस डिशेज़ खाना न भूलें...

लेटेस्ट पोस्ट

भारत का सबसे पहला नेशनल पार्क कौन सा है? क्या है इसके बनने की कहानी?

अगर आपको जंगल और जानवर पसंद हैं, तो ये जगह आपके लिए जन्नत है।

हिमाचल का 5000 साल पुराना त्योहार रौलान, जहां सचमुच आती हैं परियां

यह त्योहार आस्था, एकता और इंसान-देवता के रिश्ते की मिसाल है।

अमेरिका में H-1B वीजा खत्म होगा? क्या कहता है सांसद का नया बिल?

इसमें विदेशी डॉक्टरों और नर्सों के लिए सीमित छूट है, लेकिन वो भी धीरे-धीरे खत्म हो जाएगी।

भारत का नया पासपोर्ट सिस्टम: अब सब कुछ डिजिटल, आसान और सुरक्षित

इसका मतलब है कि अब पासपोर्ट बनवाना तेज, आसान और ज्यादा सुरक्षित हो गया है।

पॉपुलर पोस्ट

पुष्कर: उत्सवों को उत्साह से मनाती भगवान ब्रह्मा की ये नगरी

अरावली की पहाड़ियों से तीन ओर से घिरे राजस्थान के ह्रदय पुष्कर में एक अलग ही रंग का हिंदुस्तान बसता है। एक ऐसा हिंदुस्तान जिसे सैलानी सिर्फ देखने नहीं बल्कि उसे महसूस करने, जीने और इसकी आध्यात्मिकता में डूब जाने के लिए आते हैं।

वाइल्ड लाइफ के शौकीनों के लिए महाराष्ट्र है बेस्ट

प्लानिंग इस बार महाराष्ट्र के टाइगर रिजर्व्स को एक्सप्लोर करने की और एडवेंचर के साथ खूबसूरती को निहारने की।

भूटान घूमने का बना रहे हैं प्लान? रॉयल हाइलैंड फेस्टिवल कर रहा है इंतज़ार

भूटान गासा में रॉयल हाईलैंड फेस्टिवल की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

सितंबर में घूमने के लिए बेस्ट हैं ये जगहें

हमारा देश इतना बड़ा है कि यहां हर महीने आपको घूमने के लिए कई सुंदर जगहें मिल जाएंगी।