कश्मीर: ये हसीं वादियां देंगी आपके दिल को सुकून

श्रृंखला पाण्डेय 29-02-2020 07:02 PM My India
कश्मीर की खूबसूरती का बखान कई शायरों और लेखकों ने किया है और ये बात आपको बिल्कुल सच लगेगी जब आप यहां आएंगें। इसके जर्रे जर्रे में खूबसूरती समाई है, कश्मीर की खूबसूरत वादियों में आने के बाद आप को ये महसूस होगा कि यहां की हवाओं और पानी में भी गजब की खूबसूरती है। दूर-दूर तक फैली सफेद बर्फीली पहाड़ियां, खामोशी से खड़े देवदार और चीड़ के पेड़, वादियों में महकती केसर की खुशबू, थोड़ी-थोड़ी दूर पर किसी जेवर सी झिलमिलाती झीलें और झीलों के पानी पर तैरते हाउसबोट और शिकारों में बैठकर चांदनी रात में आसमान को निहराना, ये सब सुनकर ही कितना खूबसूरत लगता है। अब सोचिए सामने से ये कितना हसीन मंजर होगा। कश्मीर के रंग हर मौसम में अलग-अलग तरीके से दिल को सुकून देते हैं लेकिन जब भी यहां बर्फ पड़ती है तो इस जगह की खूबसूरती और भी बढ़ जाती है, बर्फ की चादर पूरी तरह से जब इन वादियों को ढक लेती है तो वाकई ये जगह स्वर्ग ही लगती है।  

श्रीनगर

श्री नगर जम्मू-कश्मीर की गर्मियों की राजधानी है। यहां की सुंदर झीलें और उन पर तैरती हाउसबोट का नजारा आपका मन मोह लेंगे। श्रीनगर में सब से खास है, यहां की डल झील, जहां पहुंचने के बाद आप अपनी हर तकलीफ और परेशानी थोड़ी देर के लिए तो भूल ही जाएंगे। डल झील पर सजे शिकारा पर्यटकों से हमेशा भरे रहते हैं, ये झील के संकरे रास्तों से पर्यटकों को ले जाते हुए उन्हें कश्मीर की संस्कृति और असली खूबसूरती से मिलवाते हैं। यहां के हाउसबोट में रहकर चारो तरफ से खूबसूरत वादियों को निहारने का अपना अलग ही मजा है। झील का मजा लेने के लिए सब से अच्छा है कि आप शिकारा बोट में बैठ कर घूमिए। यहां से 33 किमी दूर वुलर झील है जो एशिया में ताजा मीठे पानी की सबसे बड़ी झील मानी जाती है। यह जगह बर्फ से ढके पहाड़ों और जंगलों से घिरी हुई है, यह मछली पकड़ने के शौकीन लोगों के लिए सबसे सही जगह है। श्री नगर में इतना कुछ है घूमने और देखने को कि आपको कम से कम यहां 2 से 3 दिन तो रुकना ही चाहिए। जहां डल झील के बगल में सफेद रंग के पत्थर से बनी हजरतबल मस्ज़िद इसकी खूबसूरती को बढ़ाती है, वहीं मुगल गार्डन पर्यटकों का ध्यान अपनी ओर खींच लेता है। अगर आप सुकून की तलाश में हैं तो शंकराचार्य पहाड़ी पर बने शंकराचार्य मंदिर में जाइए यहां की असीम शांति और दिलकश नजारे आपकी थकान दूर कर देंगे। इसके अलावा थोड़ा टाइम निकालकर ट्यूलिप गार्डन और दाचीगाम नेशनल रिजर्व की भी सैर करना न भूलिएगा। 

grasshopper yatra Image

गुलमर्ग

हिमालय की गोद में बसा जम्मू-कश्मीर अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए देश और दुनिया भर में जाना जाता है। समुद्र तल से 2730 मीटर की ऊंचाई पर बसा गुलमर्ग, हरे-भरे ढलान, सदाबहार जंगलों वाली पहाड़ियों से पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है। गुलमर्ग सिर्फ बर्फ से ढके पहाड़ों का शहर ही नहीं बल्कि यहां विश्व का सबसे बड़ा गोल्फ कोर्स भी है और देश का प्रमुख स्की रिजॉर्ट भी यहीं पर है। ये बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा शूटिंग लोकेशन्स में से भी एक है। समुद्र से लगभग 2650 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुलमर्ग का गोल्फ कोर्स दुनिया का सबसे ऊंचा ग्रीन गोल्फ कोर्स है। यहां से थोड़ी ही दूर पर खिलनमार्ग घाटी है जो हरे-भरे घास से भरी रहती है, यहां से कश्मीर का सुंदर नजारा देख सकते हैं। अगर आप फोटोग्राफी के शौकीन हैं तो ये यह जगह आपको बिल्कुल निराश नहीं करेंगी। भव्य अल्पाइन झील, हिमालय की अधरवाट चोटियां और जंगली फूलों की खूबसूरती को आप अपने कैमरे में कैद कर सकते हैं। गर्मियों में यहां की स्ट्राबेरी घाटी में आप फ्रेश स्ट्रॉबेरी के भरपूर मजे ले सकते हैं। 

grasshopper yatra Image

सोनमर्ग

सोनमर्ग समुद्र सतह से 2740 मीटर की ऊंचाई पर बसा है और श्री नगर से लगभग 70 किमी दूर है। यहां के पहाड़ों की ऊंची चोटियों पर जब सूर्य की किरणें पड़ती हैं तो वे भी सुनहरी सी दिखती  हैं। सोनमर्ग उन लोगों के लिए बेहतर ऑप्शन हो सकता है जो ट्रैकिंग या पैदल लंबी यात्रा करने के शौकीन हों। यहां से कई झीलों गद्सर, कृष्णासर और गंगाबल हैं जो इसकी सुंदरता को बढ़ाती हैं। गद्सर झील सोनमर्ग से 15 किमी दूर है और बर्फ से ढके हुए सुंदर पहाड़ों और अल्पाइन फूलों से घिरी है। सोनमर्ग में एक जगह है निलाग्रद है जो एक पहाड़ी नदी है और घाटी से होकर बहती है। नदी आगे जाकर बाल्टिक बस्ती में सिंधु नदी से मिल जाती है। कमाल की बात ये है कि इस नदी का पानी लाल है और इसमें औषधीय गुण भी हैं। वैसे सोनमर्ग घूमने के लिए मई से अक्टूबर तक का समय सबसे अच्छा माना जाता है। 

grasshopper yatra Image

जन्नत का एक और हिस्सा पहलगाम

पहलगाम कश्मीर के सबसे खूबसूरत हिल स्टेशनों में एक है। ये समुद्र तल से 2130 मीटर की ऊंचाई पर लिद्दर नदी और शेषनाग झील के मुहाने पर बसा है। यहां के हरे-भरे बागान,केसर के खेत, हरी घाटियां और लाइन से बने छोटे-छोटे घरों को देखकर आपको जरूर अच्छा लगेगा। लिद्दर नदी में वाटर राफ्टिंग का भी लुत्फ उठा सकते हैं, वैसे राफ्टिंग यहां अप्रैल से सितंबर माह के बीच ही होती है। पहलगाम एशिया का इकलौता केसर उत्पादक क्षेत्र है, लेकिन केसर आपको नवंबर महीने में ही देखने को मिलेगी। घने देवदार के पेड़ों से लदे हिमालयन रेंज के विशाल मनमोहक दृश्य आपकी नजरें बांध लेंगे। यहां से थोड़ी ही दूर पर शेषनाग झील है जो अपने हरे-नीले रंग के पानी की वजह से खास है, ये जून के महीने तक बर्फ से ढकी रहती है। थोड़ी और दूर जाने पर पंचतरणी मिलेगी, ये वो जगह है जहां पर पांच धाराएं मिलती हैं। इस जगह पर लोग कैंप लगाते हैं, ये एक बेहतरीन अनुभव हो सकता है। इसके पहलगाम आए हैं तो घुड़सवारी, ट्रैकिंग, फिशिंग का भी पूरा मजा उठाइए और हां ट्रैकिंग का मजा लेना भी न भूलिएगा, क्योंकि यही सारी चीजें तो आपके सफर को यादगार बनाएंगी। 

grasshopper yatra Image

पटनीटॉप

वैसे तो कश्मीर की हर जगह बेहद खूबसूरत है लेकिन अगर कश्मीर की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम किसी ने किया है तो वो है पटनीटॉप। ये देश की सबसे खूबूसरत जगहों में शुमार है। यहां की खूबसूरती वाकई आपको बपना कायल बना लेगी। जम्मू से यहां तक पहुंचने में लगभग 3 घंटे लगते हैं, जैसे ही आप पेड़ों से ढकी सड़कों से पटनीटाॅप के इलाके में अंदर आएंगें, बर्फीली हवाएं आपको छूने लगेंगी। लंबे-लंबे चीड़ और देवदार के पेड़ से बर्फ के फाहे हवा के साथ गिरते हुए ऐसे लगते हैं जैसे बर्फ की बरसात हो रही हो। पटनीटॉप में आप गोल्फ, पैराग्लाइडिंग, एरो स्पोर्ट्स, घुड़सवारी और फोटोग्राफी का शौक भी पूरा कर सकते हैं। यहां के आस-पास नाग (कोबरा) मंदिर, बुद्ध अमरनाथ मंदिर, बाहु किला, कुद और शिव गढ़ आते हैं। वैसे यहां कैपिंग के लिए भी बढ़िया साइट्स हैं। सुंदरानी-जंगल गली-जसरकोट, सानासर रूट इन मामलों के लिए बेस्ट ऑप्शन है। यहां पर ठहरने के लिए वैसे कई प्राइवेट होटल हैं और सरकारी व्यवस्था भी है। राज्य पर्यटन विभाग और पर्यटन विकास निगम के कई बंगले और हट्स हैं जहां आप रात गुजार सकते हैं।

grasshopper yatra Image

आपके पसंद की अन्य पोस्ट

मई में घूमने के लिए बेस्ट ऑफबीट डेस्टिनेशन्स

चलिए एक ऐसे सफर पर जहां सुकून है, बेहतरीन मौसम है, खूबसूरत सुबहें हैं और सुरमई शामें हैं।

अद्भुत है वो जगह जहां बुद्ध को ज्ञान मिला था

यह मंदिर यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल है क्योंकि यहीं पर बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था।

लेटेस्ट पोस्ट

‘शोल्डर सीजन’ में घूमने के लिए की सबसे खूबसूरत जगहें

वो समय जब मौसम सुहाना होता है, पर्यटक कम होते हैं,

यहां दिन में दो बार गायब होता है समुद्र

चाहे आप परिवार के साथ हों, दोस्तों के साथ या अकेले, ये जगह आपकी ट्रिप को यादगार बना देगी।

गोवा या लक्षद्वीप: बजट में घूमने के लिए क्या है बेहतर?

लक्षद्वीप की कुदरती खूबसूरती लाजवाब है, लेकिन वहां पहुंचना, रहना और घूमना थोड़ा महंगा पड़ सकता है।

Beach Hacks: ताकि रेत से बचा रहे आपका सामान

ये तरीके आजमाए हुए हैं और बहुत कारगर साबित होते हैं।

पॉपुलर पोस्ट

पुष्कर: उत्सवों को उत्साह से मनाती भगवान ब्रह्मा की ये नगरी

अरावली की पहाड़ियों से तीन ओर से घिरे राजस्थान के ह्रदय पुष्कर में एक अलग ही रंग का हिंदुस्तान बसता है। एक ऐसा हिंदुस्तान जिसे सैलानी सिर्फ देखने नहीं बल्कि उसे महसूस करने, जीने और इसकी आध्यात्मिकता में डूब जाने के लिए आते हैं।

वाइल्ड लाइफ के शौकीनों के लिए महाराष्ट्र है बेस्ट

प्लानिंग इस बार महाराष्ट्र के टाइगर रिजर्व्स को एक्सप्लोर करने की और एडवेंचर के साथ खूबसूरती को निहारने की।

भूटान घूमने का बना रहे हैं प्लान? रॉयल हाइलैंड फेस्टिवल कर रहा है इंतज़ार

भूटान गासा में रॉयल हाईलैंड फेस्टिवल की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

सितंबर में घूमने के लिए बेस्ट हैं ये जगहें

हमारा देश इतना बड़ा है कि यहां हर महीने आपको घूमने के लिए कई सुंदर जगहें मिल जाएंगी।