कम समय और कम पैसों में घूमिए दिल्ली के पास की ये जगहें

वाराणसी

शिव की नगरी बनारस दोनों बाहें फैलाए सैलानियों का स्वागत करने के लिए हमेशा तैयार रहती है। आप शिव भक्त हैं या नहीं, आपका आस्था में यकीन है या नहीं, इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता। बनारस के पास सबको देने के लिए और उन्हें अपने रंग में रंग लेने के लिए बहुत कुछ है। गंगा किनारे लहरों को देखते हुए एक शाम बिताइए या बनारस की गलियों में यहां की जलेबी-कचौड़ी का स्वाद चखिए। ये सब आपके लिए एक यादगार बन जाएगा। दिल्ली से बनारस की दूरी लगभग 800 किलोमीटर है। अगर आप ट्रेन से सफर करते हैं तो 1000 रुपये में आपका जाने-आने का किराया खर्च होगा। बजट ट्रिप का ख्याल रखते हुए यहां कई हॉस्टल भी हैं जिनमें आपको 200 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से रहने का खर्चा शुरू हो जाता है। अगर आप दिल खोल कर भी बनारस का स्वाद चखेंगे तो एक दिन में 500-700 रुपये में ऐश से खाएंगे। तो हुई न ये बजट ट्रिप।
जयपुर

दिल्ली के पास ही देश के सबसे खूबसूरत शहरों में शामिल जयपुर है। राजपूताना शान देखनी हो या इतिहास की वीरगाथाओं को सुनना हो। राजस्थानी खाने का स्वाद लेना हो या महलों-किलों में घूमना हो, जयपुर आपके लिए बेस्ट डेस्टिनेशन साबित होगा। आमेर का किला, नाहरगढ़ का किला, जयगढ़ किला, हवा महल, सिटी पैलेस, अल्बर्टहाल म्यूजियम, पत्रिका गेट जैसी जगहों पर आप शानदार वास्तुकला देख सकते हैं तो चौकी ढाणी में राजस्थानी कल्चर को जी सकते हैं। यहां का गलता जी मंदिर आस्था के साथ खूबसूरती का भी प्रतीक माना जाता है। यहां आए हैं तो कढ़ी-कचौड़ी, मिर्ची वड़ा, पानी-पताशी खाइए और राजस्थान के गुण गाइए। दिल्ली से जयपुर की दूरी लगभग 250 किलोमीटर है। ट्रेन और बस दोनों से ही आप यहां बजट में ट्रिप कर सकते हैं। रहने और खाने के लिए भी जयपुर में कई ऐसी जगहें हैं जो आपकी जेब पर बोझ नहीं बनेंगी।
मुक्तेश्वर

अब पहाड़ों की भी बात कर लेते हैं। जिन्हें पहाड़ों पर घूमने का शौक है उनके लिए उत्तराखंड का मुक्तेश्वर एक बेहतरीन डेस्टिनेशन साबित हो सकता है। अब आप सोच रहे होंगे कि नैनीताल भी तो जाया सकता है। जी हां, बिल्कुल जाया जा सकता है लेकिन हम मुक्तेश्वर इसलिए सजेस्ट कर रहे हैं क्योंकि यहां नैनीताल की तरह भीड़-भाड़ नहीं होती। आपके पास कम समय है और आप उसे सुकून से बिताना चाहते हैं तो मुक्तेश्वर का ही रुख करिएगा। दिल्ली से आपको काठगोदाम के लिए ट्रेन मिल जाएगी और काठगोदाम से मुक्तेश्वर के लिए बस। यहां अगर आप शेयरिंग में रहना चाहते हैं तो 500 रुपये से और अगर अकेले रहना चाहते हैं तो 1000 रुपये से हॉस्टल और होटल की शुरुआत हो जाती है। 1000 रुपये में आप आराम से दिनभर का खाना भी खा सकते हैं।
अमृतसर

स्वर्ण मंदिर में दर्शन करने हैं या अटारी बॉर्डर पर जाकर देश की शान में जीते हुए कुछ पलों को महसूस करना है तो अमृतसर का रुख करिए। एक बात और अमृतसर जैसे पराठे और छोले-भटूरे आपको कहीं और नहीं मिलेंगे। सिर्फ यही दोनों चीजें क्यों पंजाब तो वैसे भी अपने कमाल के स्वाद के लिए मशहूर है तो आप यहां जो भी खाएंगे उसका स्वाद कभी भूल नहीं पाएंगे। दिल्ली से अमृतसर की दूरी 450 किलोमीटर है। यहां के लिए आपको दिल्ली से ट्रेन और बस दोनों ही डायरेक्ट मिल जाएंगी। लगभग 8 घंटे बस लेगी और 6 घंटे में ट्रेन पहुंचा देगी। आप दोनों में से कोई भी विकल्प चुनें 1500 रुपये में दोनों तरफ का किराया निकल जाएगा। यहां भी आपको कई बजट होटल मिल जाएंगे। शेयरिंग में रहना हो तो 500 रुपये का ही खर्च आएगा। अक्टूबर से अप्रैल के ब बीच आप कभी भी अमृतसर जाइए। मौसम अच्छा ही होगा।
बिनसर

पहाड़ों की गोद में बसे छोटे-छोटे गांवों में समय बिताते हुए उत्तराखंउ के कुमाऊं क्षेत्र के कल्चर को नजदीक से देखना हो या कुदरत की छांव में कुछ समय सुकून से बिताना हो, बिनसर आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है। इस जगह को प्रकृति ने इत्मिनान से अपनी नेमतें बख्शी हैं। दिल्ली से बिनसर की दूरी लगभग 420 किलोमीटर है। अगर आप ट्रेन से यहां जाते हैं तो आपको पहले काठगोदाम जाना होगा। काठगोदाम से नैनीताल या अल्मोड़ा के लिए बस लेनी होगी और वहां से आपको बिनसर की बस मिलेगी। जिसमें कुल खर्च एक तरफ से लगभग 1200-1300 आएगा। यहां रहने के लिए आपको बजट होटल आसानी से मिल जाएगा। खाने के लिए भी यहां कई सस्ते ऑप्शन आपको मिलेंगे। लेकिन अगर पहाड़ पर जा रहे हैं तो चाय, मैगी और मोमोज जरूर खाइएगा।
आगरा

भारत की सबसे खूसबूरत इमारत के शहर आगरा को हम कैसे भूल सकते हैं। विदेशी पर्यटकों के मामले में आगरा भारत में नंबर एक पर है। यानी दूसरे देशों से आने वाले ज्यादा पर्यटक भारत में ताजमहल देखने आते हैं और इसके बाद दूसरे ठिकानों की ओर कूच करते हैं। भारत के पर्यटन के गोल्डन ट्रायंगल में भी आगरा शामिल है। यहां आप ताजमहल के अलावा आगरा का किला, अकबर का मकबरा यानी सिकंदरा, महताब बाग, चीनी का रोजा, एत्माद-उद-दौला का मकबरा घूम सकते हैं। पास में फतेहपुर सीकरी में बुलंद दरवाजा, ख्वाजा सलीम चिश्नी की दरगाह और जोधा का किला भी देखने जा सकते हैं। यहां आए हैं तो सुबह की शुरुआत तीखी और चटपटी बेढ़ई व उसके साथ जलेबी खाकर करिएगा और शाम को गोलगप्पे खाना न भूलिएगा और वे भी मूंग की दाल वाले। आगरा से दिल्ली की दूरी लगभग 245 किलोमीटर है। आप ट्रेन, बस या कैब किसी से भी आगरा पहुंच सकते हैं। यहां रहने के लिए भी आपको आपके बजट में आराम से होटल मिल जाएंगे। हां एक बात याद रखिएगा। कोई ऑटो वाला आपसे कहे कि चलिए मीनाबाजार घूम लीजिए तो बिल्कुल उसकी बातों में मत आइएगा। अगर चले भी जाते हैं तो वहां से शॉपिंग तो एकदम मत करिएगा। यकीन मानिए बाद में पछताना ही पड़ेगा।
आपके पसंद की अन्य पोस्ट

दिवाली पर घूमने का बना रहे हैं प्लान? ये 5 जगहें हैं बेस्ट
हम आपको बता रहे हैं देश की 5 ऐसी जगहों के बारे में जहां ये त्योहार भव्य रूप से मनाया जाता है।

लास्ट मिनट में की है दशहरा में घूमने की प्लानिंग? तब भी हैं ये ऑप्शन्स
दिल्ली के पास की जगहों के कुछ ऑप्शन जहां आप तुरन्त प्लान बनाकर भी घूमने जा सकते हैं।